हिन्दी में
हज़ार मुश्किल हर एक गम का बस एक हल है तुम्हारा चेहरा।
हमारे जीवन में सबसे ज्यादा ख़ुशी का पल है तुम्हारा चेहरा।
हसीन मौसम बहार रंगत हर एक तुमसे ही मेल खाता।
ये सब नकल हैं हमारी मानो तो बस असल है तुम्हारा चेहरा।
हवा के जैसे लगे है शीतल कि जब भी आये तुम्हारा सपना।
ये गर्म मौसम में सच कहूँ तो हवा महल है तुम्हारा चेहरा।
कभी जो देखो तो गौर करना न फूल कोई न कोई गुलशन।
हमारी आँखों की झील में एक हसीं कमल है तुम्हारा चेहरा।
नज़र झुकाना तुम्हारा हँसना इन्हीं अदाओ से दिल में अक्सर
ये शक है उठता कि जैसे कोई हसीन छल है तुम्हारा चेहरा।
यही दुआ है कि हर जनम में ये तुम भी बोलो ये हम भी बोलें
तुम्हारा बल है हमारा चेहरा हमारा बल है तुम्हारा चेहरा।
राजीव कुमार
No comments:
Post a Comment