वही सी एम वही पी एम वही हैं सी जे आई भी
विधायक भी वही हैं और विधायक जी का भाई भी
वही एम पी वही डी एम कमिश्नर भी वही सब हैं
वही सी ई सी हैं अपने वही है सी बी आई भी
वही गढ़वाल है अपना वही अपना कुमाऊं है
वही अपने पहाड़ी हैं वही अपनी तराई भी
वही लफड़े वही झगड़े वही हिंदू वही मुस्लिम
वही थाना पुलिस अपने वही कोरट लड़ाई भी
वही खबरें वही चैनल वही अखबार वो ही हम
वही जनता वही बकरी वही यारों कसाई भी
वही दुनिया वही रस्में वही किस्से वही बातें
सिलेंडर भी वही है और वही सब्जी कढ़ाई भी
वही गन्ना वही पानी वही मिल है वही चीनी
वही खेती वही मंडी वही अपनी कमाई भी
वही लड़की वही अशिक वही कानून वो ही जुर्म
वही पार्टी वही वर्कर खुदा वो ही खुदाई भी
किताबें भी वही होंगी वही स्कूत भी अपने
वही रोजी वही रोटी वही बिस्तर रजाई भी
वही पेट्रोल डीजल है वही आटा है चावल है
वही है दूध की कीमत वही अपनी दवाई भी
वही है नौकरी अपनी वही डीमांड भी घर की
वही जोरु की किच किच है वही जोरु का भाई भी
नया ये साल है लेकिन नया कुछ भी नहीं इसमें
वही अपनी दुहाई है वही जग की बुराई भी
राजीव कुमार
No comments:
Post a Comment